रांची , दिसंबर 22 -- झारखंड के रांची के पुंदाग में स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड मैनेजमेंट आईएसएम में आज "ई-गवर्नेंस, वित्त, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा एवं व्यवसाय में एआई साक्षरता" विषय पर आयोजित एक दिवसीय राष्ट्रीय वेबिनार का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
इस वेबिनार में देशभर से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षाविदों, पेशेवरों एवं उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदीप कुमार हजारी, विशेष सचिव-सह-परामर्शदाता, कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, झारखंड सरकार द्वारा किया गया। वे इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता रहे। अपने उद्घाटन संबोधन में उन्होंने शासन, सार्वजनिक सेवा वितरण तथा सतत विकास में कृत्रिम बुद्धिमत्ता(एआई) की परिवर्तनकारी भूमिका पर प्रकाश डाला।
वेबिनार में अमरकांत, जोनल हेड (मुख्य प्रबंधक), एयरटेल पेमेंट्स बैंक, ब्रिजिट कुजूर रॉय, संयुक्त सचिव, परिवार स्वास्थ्य एवं कल्याण विभाग, पश्चिम बंगाल सरकार, डॉ. प्रभात कुमार, मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, सदर अस्पताल, रांची डॉ. पवन कुमार, संयुक्त सचिव, संघ लोक सेवा आयोग, डॉ. भारत भूषण, वाइस प्रेसिडेंट (प्रोजेक्ट, इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी) एवं सीआईओ, टाटा स्टील डाउनस्ट्रीम प्रोडक्ट्स लिमिटेड, सीए विकास रंजन सहाय, चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर, वी-कैप मनी डॉ. संजय कुमार जेना, सहायक प्रोफेसर (मार्केटिंग), बीएमएल मुंजाल यूनिवर्सिटी ने अपने विचार रखे।
आईएसएम के निदेशक-सह-सचिव डॉ. गंगा प्रसाद सिंह ने मुख्य अतिथि एवं सभी विशिष्ट वक्ताओं का स्वागत किया तथा दैनिक जीवन और विभिन्न पेशेवर क्षेत्रों में एआई की बढ़ती भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। स्वागत भाषण आईएसएम की प्राचार्या डॉ. ज्योति द्वारा दिया गया, जिनके मार्गदर्शन में पूरे कार्यक्रम का सफलतापूर्वक संचालन एवं समन्वय किया गया।
कार्यक्रम का समापन आईएसएम के डीन डॉ. सुशील कुमार द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। सत्र के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। बिजनेस मैनेजमेंट, होटल मैनेजमेंट एवं कंप्यूटर साइंस विभाग के सभी संकाय सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह वेबिनार विभिन्न क्षेत्रों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के व्यावहारिक उपयोगों पर जागरूकता एवं ज्ञान-विनिमय का एक प्रभावी मंच सिद्ध हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित