नयी दिल्ली , जनवरी 30 -- खेलों में विभिन्न स्तरों पर लगने वाली रीढ़, हड्डी और मांसपेशियों की चोटों के इलाज के लिए आईएसआईसी मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल ने शुक्रवार को एक विशेष स्पोर्ट्स इंजरी क्लिनिक का शुभारंभ किया।

आज यहां आयोजित एक कार्यक्रम में आईएसआईसी मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल की मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुगंध अहलूवालिया और अन्य ने इस क्लिनिक का शुभारंभ किया। "मूवमेंट ही मेडिसिन" की सोच पर आधारित यह क्लिनिक उन्नत तकनीक और विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उपचार करता है। यह क्लिनिक खेल से जुड़ी चोटों के लिए संपूर्ण, आधुनिक और मरीज-केंद्रित इलाज उपलब्ध कराता है। यह क्लिनिक पारंपरिक उपचार से आगे बढ़ते हुए शरीर की मूवमेंट और बायोमैकेनिकल जांच करता है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि शरीर में कौन-सी कमजोरी बार-बार चोट का कारण बन रही है। आधुनिक जांच तकनीकों के माध्यम से चोट के मूल कारण की पहचान की जाती है, जिससे दोबारा चोट लगने का खतरा कम होता है। यहां इलाज के लिए बिना चीरा और कम चीरे वाली आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाता है, जिनमें आर्थ्रोस्कोपी, मिनिमली इनवेसिव स्पाइन सर्जरी (एमआईएसएस), पीआरपी थेरेपी, स्टेम सेल / बीएमएसी थेरेपी और प्रोलोथेरेपी शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित