नयी दिल्ली , दिसम्बर 20 -- भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) के 107 रेगुलर कोर्स के सैन्य अधिकारियों ने सेवा में 25 वर्ष पूरे होने पर शनिवार को यहां अपने परिवारों के साथ देहरादून में अपने पुराने संस्थान का दौरा कर रजत जयंती मनाईइस कोर्स में 416 कैडेट थे जिन्हें 24 जून 2000 को भारतीय सेना में कमीशन मिला था और तब से उन्होंने देश सेवा में 25 वर्ष पूरे किये हैं।
इस कोर्स के कुल 255 अधिकारियों ने सैन्य अकादमी के पवित्र परिसर में उस संस्थान को नमन किया जिसने उन्हें युवा कैडेट से पेशेवर सैनिक और नेतृत्व की जिम्मेदारी दी। उनका यह दौरा इंस्ट्रक्टर्स और परंपराओं के प्रति गहरी यादों, गौरव तथा कृतज्ञता से भरा था। उनके जीवन में सैन्य मूल्यों की नींव इसी अकादमी में रखी गयी थी।
पिछले ढाई दशकों में, 107 रेगुलर कोर्स के अधिकारियों ने अलग-अलग इलाकों और चुनौतीपूर्ण कार्यों में असाधारण पेशेवर क्षमता, नेतृत्व और अभियानगत समझ का प्रदर्शन किया है। इस कोर्स के अधिकारियों को 47 वीरता पुरस्कार और 176 विशिष्ट सेवा पुरस्कार मिले हैं जो भारतीय सेना में उनके उत्कृष्ट योगदान को दर्शाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित