पेरिस , मार्च 12 -- अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (आईईए) ने गुरुवार को कहा कि सदस्य देशों ने रणनीतिक भंडारों से 40 करोड़ बैरल तेल निकासी सहमति व्यक्त की है जो एजेंसी के इतिहास में सबसे बड़ी समन्वित तेल निकासी है क्योंकि पश्चिम एशिया में युद्ध वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को बाधित कर रहा है।
अमेरिकी ऊर्जा विभाग ने कहा कि वह अपने सामरिक पेट्रोलियम भंडार से 17.2 करोड़ बैरल तेल देगा, जिसकी आपूर्ति अगले सप्ताह से शुरू होने की उम्मीद है। इस कदम का उद्देश्य उन चिंताओं के बीच बाजारों को स्थिर करना है कि ईरानी हमले और होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास का संघर्ष पश्चिम एशिया से तेल निर्यात को अवरुद्ध करना जारी रख सकता है।
आईईए के कार्यकारी निदेशक फातिह बिरोल ने कहा कि यह संकट ऊर्जा बाजारों के लिए एक अभूतपूर्व चुनौती है। उन्होंने कहा, "तेल बाजार में हम जिन चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, वे अभूतपूर्व हैं।" उन्होंने यह भी कहा कि वैश्विक बाजार में व्यवधानों से निपटने के लिए एक वैश्विक प्रतिक्रिया आवश्यक है।
हालंकि मध्यवर्तन के बावजूद, कीमतें अस्थिर बनी हुई हैं। ब्रेंट क्रूड की कीमत गुरुवार को 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर हो गई, जबकि सप्ताह की शुरुआत में यह 120 डॉलर के करीब पहुंच गई थी। वहीं, अमेरिकी बेंचमार्क क्रूड की कीमत बढ़कर लगभग 95 डॉलर प्रति बैरल हो गई।
पेरिस स्थित एजेंसी ने कहा कि 13 दिनों के संघर्ष ने वैश्विक तेल बाजार के इतिहास में सबसे बड़ी आपूर्ति व्यवधान उत्पन्न किया है, जो 1970 के दशक के झटकों से भी कहीं अधिक है।
आईईए के अनुसार, खाड़ी देशों से तेल उत्पादन में प्रतिदिन कम से कम एक करोड़ बैरल की गिरावट आई है और लड़ाई में कमी के कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं। 40 करोड़ बैरल तेल का प्रवाह लगभग 20 दिनों के सामान्य तेल प्रवाह के बराबर है जो होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरता है, जहां आमतौर पर प्रतिदिन लगभग दो करोड़ बैरल तेल का प्रवाह होता है।
बुधवार को जी-7 के वीडियो सम्मेलन के दौरान, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने कहा कि वैश्विक तेल उत्पादन बढ़ाना एक प्राथमिकता होगी और उन्होंने देशों से निर्यात प्रतिबंधों से बचने का आग्रह किया जो बाजारों को और अधिक अस्थिर कर सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित