नागपुर , अप्रैल 24 -- भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन में 11 रात और 12 दिनों की 'दिव्य दक्षिण यात्रा' शुरू करने की घोषणा की है।
शुक्रवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार यह यात्रा यात्रियों को दक्षिण भारत की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को देखने का अवसर प्रदान करती है।
उल्लेखनीय है कि यह यात्रा नागपुर से शुरू होगी और हम्पी, मैसूर, कोयंबटूर, तिरुवन्नामलाई, वेल्लोर, तिरुपति और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग सहित प्रमुख तीर्थ और विरासत स्थलों की यात्रा कराएगी।
इस यात्रा पैकेज की कीमत 21,690 रुपये प्रति व्यक्ति से शुरू होती है।
आईआरसीटीसी पश्चिम क्षेत्र मुंबई समूह के महाप्रबंधक गौरव झा ने कहा कि विशेष भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन वातानुकूलित और गैर-वातानुकूलित दोनों तरह की सुविधाएं प्रदान करता है। इसका उद्देश्य एक ही यात्रा कार्यक्रम के माध्यम से प्रमुख आध्यात्मिक स्थलों को जोड़कर एक सहज तीर्थयात्रा अनुभव प्रदान करना है।
यात्री किफायती वातानुकूलित शयनयान, 3एसी और 2एसी क्लास में से चुन सकते हैं। इस ट्रेन में लगभग 750 यात्रियों की क्षमता है।
यात्रियों को बर्धा, बडनेरा, अकोला, भुसावल, जलगांव, चालीसगांव, मनमाड, नासिक, इगतपुरी, कल्याण और पुणे सहित कई स्टेशनों पर चढ़ने और उतरने की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे तीर्थयात्रियों के लिए पहुंच आसान हो जाएगी।
ऑल-इनक्लूसिव पैकेज की विशेषताओं में - शयनयान, 3एसी और 2एसी क्लास में आरामदायक ट्रेन यात्रा शामिल हैं। बजट होटलों में डबल, ट्रिपल या चार लोगों के साथ शेयरिंग के आधार पर रहने की सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी। यात्रा के दौरान पूरी तरह शाकाहारी भोजन, वातानुकूलित और गैर-वातानुकूलित ट्रांसफर और दर्शनीय स्थल पर घूमने के अलावा व्यापक यात्रा बीमा भी उपलब्ध कराया जायेगा।
आईआरसीटीसी ने एक सुरक्षित और आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए स्वास्थ्य और सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित