वाराणसी , मार्च 24 -- आईआईटी बीएचयू ने क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग बाय सब्जेक्ट 2026 में अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। संस्थान ने अधिक विषयों में स्थान बनाते हुए इंजीनियरिंग और विज्ञान क्षेत्रों में अपनी वैश्विक पहचान को मजबूत किया है।

वर्ष 2026 की रैंकिंग में संस्थान के कुल 14 में से 13 विषयों को स्थान मिला है, जो पिछले वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय सुधार दर्शाता है। इनमें तीन विषय विश्व के शीर्ष 250, सात विषय शीर्ष 300 तथा कुल 11 विषय शीर्ष 500 में शामिल हुए हैं।

इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी क्षेत्र में प्रदर्शन विशेष रूप से बेहतर रहा। सिविल इंजीनियरिंग पहली बार 201-275 रैंक बैंड में शामिल हुआ, जबकि इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल इंजीनियरिंग ने 201-250 रैंक बैंड में स्थान प्राप्त किया। केमिकल इंजीनियरिंग और मटेरियल्स साइंस 251-300 रैंक बैंड में रहे।

कंप्यूटर साइंस एवं इंफॉर्मेशन सिस्टम्स में सबसे बड़ी छलांग दर्ज की गई, जिसने 2025 के 751-850 रैंक बैंड से बढ़कर 251-300 रैंक बैंड में जगह बनाई। पहली बार शामिल फार्मेसी विषय 201-250 रैंक बैंड में रहा, जबकि जैविक विज्ञान को भी पहली बार 651-700 रैंक बैंड में स्थान मिला।

ब्रॉड सब्जेक्ट एरिया में भी संस्थान ने प्रगति की है। इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी में यह 501-550 से सुधरकर 332वें स्थान पर पहुंचा, जबकि प्राकृतिक विज्ञान में 451-500 रैंक बैंड हासिल किया। इस श्रेणी में फिजिक्स एवं एस्ट्रोनॉमी (351-400), गणित (301-350) और पर्यावरण विज्ञान (401-450) में भी सुधार दर्ज किया गया।

क्यूएस रैंकिंग का आकलन अकादमिक प्रतिष्ठा, नियोक्ता प्रतिष्ठा, प्रति शोध पत्र उद्धरण, एच-इंडेक्स और अंतरराष्ट्रीय शोध नेटवर्क जैसे मानकों पर किया जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित