रोपड़ , मार्च 24 -- भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रोपड़ ने 'थिंक इंडिया' के सहयोग से 'बलिदान दिवस' के अवसर पर एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। यह आयोजन शहीद भगत सिंह, सुखदेव थापर और शिवराम राजगुरु के सर्वोच्च बलिदान को नमन करने और उनके आदर्शों को युवा पीढ़ी तक पहुँचाने के उद्देश्य से किया गया।
आईआईटी के प्रवक्ता निखिल स्वामी ने मंगलवार को यहां जारी बयान में बताया कि कैंपस में आयोजित इस यात्रा का मुख्य आकर्षण 300 मीटर लंबा तिरंगा रहा, जिसे विभिन्न विभागों के सैकड़ों छात्रों ने बड़े गर्व और उत्साह के साथ थाम रखा था। देशभक्ति के नारों और राष्ट्रीय चेतना की भावना के साथ यह शोभायात्रा पूरे परिसर से गुजरी। यात्रा शुरू होने से पहले छात्रों और संकाय सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर क्रांतिकारियों की वीरता और दृढ़ निश्चय को याद किया।
आईआईटी रोपड़ प्रशासन के अनुसार, इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य छात्रों को केवल तकनीकी रूप से दक्ष बनाना ही नहीं, बल्कि उन्हें अपनी राष्ट्रीय विरासत और नागरिक कर्तव्यों के प्रति सजग बनाना भी है। संस्थान ने सदैव अकादमिक उत्कृष्टता के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व और देशभक्ति को बढ़ावा देने पर बल दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित