रुड़की/देहरादून , मार्च 17 -- जापान की पूर्ण स्वामित्व वाली होरीबा लिमिटेड ने कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व पहल के अंतर्गत उत्तराखंड के रुड़की स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) में मंगलवार को कुल 16 विद्यार्थियों को होरीबा प्रतिभा खोज छात्रवृत्ति तथा होरीबा भारत स्नातकोत्तर पुरस्कार 2025-26 से सम्मानित किया।

इस सहयोग के उपलक्ष्य में आईआईटी निदेशक प्रोफेसर केके पंत, डॉ. राजीव गौतम, प्रोफेसर आरडी गर्ग, प्रोफेसर विवेक मलिक, प्रोफेसर रमेश चंद्र तथा प्रोफेसर कोमल त्रिपाठी ने समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान किया।

प्रोफेसर पंत, होरीबा लिमिटेड, जापान के वरिष्ठ कॉरपोरेट अधिकारी एवं होरीबा भारत के अध्यक्ष डॉ. राजीव गौतम, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के संसाधन एवं पूर्व छात्र मामलों के अधिष्ठाता प्रोफेसर आर. डी. गर्ग तथा छात्रवृत्ति एवं पुरस्कार के लिए सीनेट समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष प्रोफेसर अनिल कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने पुरस्कार प्राप्त करने वालों को सम्मानित किया।

होरीबा भारत ने विभिन्न विभागों के 10 स्नातक विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता के सम्मान में एकमुश्त आंशिक शिक्षण शुल्क छूट प्रदान की। वर्ष 2023 में 'साथ मिलकर आगे बढ़ें' विषय के साथ प्रारंभ की गई यह छात्रवृत्ति योजना भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के मेधावी स्नातक विद्यार्थियों को निरंतर सहयोग प्रदान कर रही है। इस वर्ष इस पहल का विस्तार करते हुए "होरीबा भारत स्नातकोत्तर पुरस्कार" के अंतर्गत छह मेधावी स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को भी एकमुश्त पुरस्कार प्रदान किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित