गांधीनगर , फरवरी 03 -- भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, गांधीनगर (आईआईटी गांधीनगर) और सरदार वल्लभभाई राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एसवीएनआईटी), सूरत के बीच छात्रों और संकाय के लिए अनोखे शोध, आदान-प्रदान और दीर्घकालिक सहयोग को बढ़ावा मिलेगा।

आईआईटी गांधीनगर निदेशक प्रोफेसर रजत मूना ने मंगलवार को बताया कि आईआईटी गांधीनगर और एसवीएनआईटी सूरत ने हाल ही में तीन वर्षीय समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये हैं, जिसका उद्देश्य शैक्षणिक सहयोग, छात्र गतिशीलता और शोध साझेदारी को बढ़ावा देना है। इस समझौता ज्ञापन के तहत इनके बीच नया बीटेक-एमटेक डुअल डिग्री प्रोग्राम शुरू किया जा रहा है। इस नये कार्यक्रम के अंतर्गत एसवीएनआईटी के बीटेक छात्र अपना प्रोग्राम बदलकर बीटेक-एमटेक डुअल डिग्री कर सकते हैं, जिसमें बीटेक डिग्री एसवीएनआईटी द्वारा और एमटेक डिग्री आईआईटी गांधीनगर द्वारा प्रदान की जाएगी।

एसवीएनआईटी के छात्र आईआईटी गांधीनगर के समर रिसर्च इंटर्नशिप प्रोग्राम (एसआरआईपी) में भी शामिल हो सकते हैं, जबकि आईआईटी गांधीनगरके छात्र एसवीएनआईटी में शोध इंटर्नशिप कर सकते हैं। संकाय सहयोग भी इस पहल का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। एसवीएनआईटी के संकाय सदस्य आईआईटी गांधीनगर में समय बिता सकते हैं, ताकि संयुक्त शोध और शैक्षणिक गतिविधियों को अंजाम दिया जा सके, जिससे ज्ञान का आदान-प्रदान और दीर्घकालिक सहयोग को बढ़ावा मिलेगा।

प्रोफेसर मूना ने कहा, " एसवीएनआईटी सूरत के साथ यह एमओयू आईआईटी गांधीनगर की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है जो पारंपरिक आदान-प्रदान से परे मजबूत शैक्षणिक साझेदारियों को बनाने के लिए है। छात्र गतिशीलता, प्रारंभिक चरण के डॉक्टोरल मार्ग और संकाय-नेतृत्व वाले सहयोगी शोध को एकीकृत करके, यह साझेदारी अनुसंधान-प्रेरित शिक्षा को पोषित करने और अंतरविषयक सहभागिता के माध्यम से जटिल, वास्तविक दुनिया की समस्याओं का समाधान करने के लिए एक मजबूत ढांचा तैयार करती है। "एसवीएनआईटी सूरत निदेशक प्रोफेसर अनुपम शुक्ला ने एमओयू के लाभों पर प्रकाश डालते हुए कहा, "आईआईटी गांधीनगर के साथ यह सहयोग हमारे छात्रों और संकाय को पूरक विशेषज्ञता, उन्नत शोध वातावरण और नये शैक्षणिक मार्ग प्रदान करता है। संरचित इंटर्नशिप प्रोग्राम, छात्र आदान-प्रदान और संयुक्त शोध पहलों के माध्यम से, इस साझेदारी से दोनों संस्थानों में शोध क्षमता और शैक्षणिक परिणामों में महत्वपूर्ण वृद्धि की उम्मीद है। "उन्होंने कहा कि एमओयू आगे उन्नत शैक्षणिक सहभागिता के मार्ग भी प्रस्तुत करता है, जिसमें योग्य एसवीएनआईटी छात्रों के लिए आईआईटी गांधीनगर में स्टार्ट अर्ली पीएचडी प्रोग्राम शामिल है। यह सहयोग आईआईटी गांधीनगर और एसवीएनआईटी सूरत की पूरक क्षमताओं का लाभ उठाकर एक मजबूत शैक्षणिक पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण में योगदान देने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित