रांची , मई 08 -- झारखंड के आईआईटी आईएसएम धनबाद के डिपार्टमेंट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज एंड इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग द्वारा वर्ष 2026-28 सत्र के लिए एग्जीक्यूटिव एमबीए कार्यक्रम में नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
31 मई तक कर ऑनलाइन पंजीकरण सकते हैं। कार्यक्रम की कोऑर्डिनेटर प्रोफेसर रश्मि सिंह ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया 15 मार्च 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक अभ्यर्थी 31 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन लिखित प्रवेश परीक्षा 14 जून को आयोजित की जाएगी, जबकि ऑनलाइन इंटरव्यू 16 और 17 जून को होंगे। चयनित अभ्यर्थियों का परिणाम 3 जुलाई को संस्थान की वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। वहीं चयनित छात्रों का नामांकन 6 से 13 जुलाई 2026 तक पूरा कराया जाएगा।
श्रीमती सिंह ने बताया कि यह दो वर्षीय एग्जीक्यूटिव एमबीए कार्यक्रम चार सेमेस्टर में संचालित होगा। कक्षाएं बुधवार से रविवार तक ऑनलाइन मोड में आयोजित की जाएंगी, ताकि कार्यरत पेशेवर भी आसानी से इसमें भाग ले सकें। वहीं मिड सेमेस्टर और एंड सेमेस्टर परीक्षाएं आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के साथ-साथ संस्थान के कोलकाता और दिल्ली एक्सटेंशन सेंटर में ऑफलाइन मोड में आयोजित होंगी।
श्रीमती सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में इंटरनेशनल बिजनेस, बिजनेस एनालिटिक्स, डेटा साइंस, डिजिटल मार्केटिंग, एचआर मैनेजमेंट, सप्लाई चेन मैनेजमेंट, एंटरप्रेन्योरशिप एवं इनोवेशन जैसे आधुनिक और रोजगारपरक विषयों के विकल्प उपलब्ध रहेंगे।
संस्थान के अनुसार, आवेदन के लिए किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से स्नातक में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है। एससी, एसटी और दिव्यांग अभ्यर्थियों को 45 प्रतिशत अंक की छूट दी गई है। इसके साथ ही अभ्यर्थियों के पास कम से कम एक वर्ष का कार्यानुभव होना भी आवश्यक है।
कार्यक्रम की कुल फीस 6 लाख रुपये निर्धारित की गई है, जिसे सेमेस्टर के आधार पर जमा करना होगा। संस्थान ने बताया कि इस कार्यक्रम में 100 सीटें निर्धारित की गई हैं। वर्तमान में इस कोर्स में कोल इंडिया, एसबीआई, टाटा स्टील, एनटीपीसी, इंफोसिस, ओएनजीसी, इंडियन रेलवे समेत कई प्रतिष्ठित संस्थानों के अधिकारी अध्ययन कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित