बेंगलुरु , फरवरी 24 -- तृणमूल कांग्रेस के नेता डेरेक ओ'ब्रायन ने मंगलवार को अपने जनसंपर्क कार्यक्रम 'मॉर्निंग वॉक' के चौथे एपिसोड में बेंगलुरु स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) में छात्रों से संवाद किया और पश्चिम बंगाल में शिक्षा क्षेत्र में उठाये गये प्रमुख कदमों का उल्लेख किया।
श्री ओ'ब्रायन ने इसे युवा पीढ़ी से जुड़ने का अवसर बताते हुए कहा कि इस शृंखला का उद्देश्य "जीवन को छूना, छात्रों को सुनना और बदलाव की कहानियां साझा करना" है। उन्होंने कहा, "जब आप छात्रों के साथ चलते हैं, तो केवल नीतियों पर बात नहीं करते। आप उनकी आकांक्षाओं को समझते हैं। शिक्षा सशक्तिकरण है और यह मजबूत भारत का निर्माण करता है।"चर्चा के प्रमुख बिंदुओं में राज्य के लगभग 53 लाख छात्रों को टैब और स्मार्टफोन वितरण की पहल शामिल रही। पश्चिम बंगाल सरकार समर्थित इस योजना का उद्देश्य डिजिटल विभाजन को कम करना और छात्रों को ऑनलाइन शिक्षा संसाधनों तक पहुंच उपलब्ध कराना है। श्री ओ'ब्रायन ने कहा कि डिजिटल पहुंच अब विलासिता नहीं, बल्कि आवश्यकता बन चुकी है।
उन्होंने पश्चिम बंगाल की स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का भी उल्लेख किया, जिसके तहत नाममात्र ब्याज दर पर शिक्षा ऋण उपलब्ध कराया जाता है। उनके अनुसार, इस पहल से अब तक लगभग एक लाख विद्यार्थियों ने फायदा उठाया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित