जयपुर , फरवरी 16 -- देश की प्रमुख नॉन-बैंकिंग फाईनेंशियल कंपनियों (एनबीएफसी) में शामिल आईआईएफएल फाईनेंस लिमिटेड ने नौ प्रतिशत सालाना रिटर्न के साथ दो हजार करोड़ रुपये के बॉन्ड जारी किए हैं जो मंगलवार से मिलना शुरू होंगे।

कंपनी ने सोमवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस में यह जानकारी देते हुए बताया कि रिडीमेबल नॉन-कन्वर्टिबल डिबेंचर (एनसीडी) के जारी इन पब्लिक इश्यू का साईज़ 500 करोड़ रुपये है, और 1500 करोड़ रुपये तक का ओवरसब्सक्रिप्शन बनाए रखने के लिए ग्रीन-शू विकल्प है। इस प्रकार कुल इश्यू साईज़ दो हजार करोड़ रुपये का होगा। इस फंड का उद्देश्य कंपनी के व्यवसाय में वृद्धि करना और पूंजी बढ़ाना है।

इस एनसीडी द्वारा नौ प्रतिशत प्रतिवर्ष तक का प्रभावी रिटर्न मिलेगा और यह 24 महीनों, 36 महीनों, और 60 महीनों की अवधियों के लिए उपलब्ध होगा। ब्याज का पे-आउट मासिक, वार्षिक या मैच्योरिटी के बाद लिया जा सकता है। हर एनसीडी की फेस वैल्यू एक हजार रुपये होगी। विभिन्न श्रेणियों में निवेशक कम से कम 10 हजार रुपये के एप्लिकेशन साईज़ में आवेदन कर सकेंगे। पब्लिक इश्यू मंगलवार को खुलेगा और आगामी चार मार्च को बंद होगा। आवंटन पहले आएं, पहले पाएं के आधार पर किया जाएगा।

इस अवसर पर कंपनी के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक निर्मल जैन का कहना है कि आईआईएफएल फाईनेंस भारत के प्रमुख एनबीएफसी में से एक है और यह पूरे देश में मजबूत स्थिति रखता है। इसका डाईवर्सिफाईड रिटेल पोर्टफोलियो 4.6 मिलियन से अधिक वंचित ग्राहकों को क्रेडिट प्रदान करता है। इस प्रस्तावित फंड के माध्यम से हम क्रेडिट की उपलब्धता और अधिक बढ़ाएंगे तथा अपने फंडिंग स्रोतों का विस्तार करेंगे। पिछले कुछ सालों में आईआईएफएल फाईनेंस ने बॉन्ड के माध्यम से फंड एकत्रित करने का एक मजबूत ट्रैक रिकॉर्ड बनाया है तथा मूल राशि एवं ब्याज का समय पर भुगतान किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित