रांची , फरवरी 01 -- ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा), झारखंड की राज्य परिषद की बैठक 31 जनवरी और 1 फरवरीको रांची में संपन्न हुई।
बैठक में केंद्र से निरीक्षक के रूप में जेएनयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कॉमरेड धनंजय शामिल रहे। बैठक में राज्य, राष्ट्रीय और उच्च शिक्षा से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई और आगामी संगठनात्मक व आंदोलनात्मक कार्ययोजना तय की गई।
बैठक में छात्रवृत्ति भुगतान में हो रही लगातार देरी पर गहरी चिंता जताते हुए हेमंत सरकार और मोदी सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की गई। सभी विश्वविद्यालयों के सत्र नियमित करने तथा एनईपी और 'विकसित भारत' शिक्षा अधिष्ठान को रद्द करने के लिए राज्यव्यापी अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। रोहित वेमुला एक्ट की तर्ज पर यूजीसी इक्विटी रेगुलेशन को सख्ती से लागू कराने की मांग को लेकर भी आंदोलनात्मक अभियान चलाया जाएगा।
छात्रवृत्ति के सवाल पर 10 मार्च, 2026 को राज्यव्यापी आह्वान पर कल्याण कार्यालय का घेराव किया जाएगा। संगठन विस्तार के तहत राज्यभर में 50,000 सदस्यता का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कॉलेज, विश्वविद्यालय और ज़िला स्तर पर सम्मेलन आयोजित कर इकाइयों का गठन किया जाएगा तथा सभी 24 ज़िलों के लिए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। इसके साथ ही लंबे समय से पढ़ा रहे एडहॉक और नीड-बेस्ड शिक्षकों की पदोन्नति के सवाल पर आंदोलन तथा भगत सिंह की जयंती पर 'जश्न-ए-उलगुलान' आयोजन का निर्णय लिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित