चंडीगढ़ / अमृतसर , अप्रैल 06 -- पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस (सीआइ) विंग ने पाकिस्तान इंटेलिजेंस ऑपरेटिव्स (पीआइओ) द्वारा संचालित और आईएसआई समर्थित एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से दो अर्गेस हैंड ग्रेनेड और एक विदेशी निर्मित ग्लॉक पिस्टल बरामद की गई है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरबजीत सिंह निवासी गांव अम्मीशाह, तरनतारन, बिक्रमजीत सिंह निवासी गांव नंगल पन्नुआं, अमृतसर और अमनदीप सिंह निवासी इंद्रा कॉलोनी, अमृतसर के तौर पर हुई है।
श्री यादव ने बताया कि बरामद किए गए ग्रेनेड पर 'पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री' (पीओएफ) के निशान हैं, जो स्पष्ट रूप से सीमा पार के संबंधों की ओर इशारा करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि यह मॉड्यूल कई राज्यों में पुलिस प्रतिष्ठानों को योजनाबद्ध तरीके से निशाना बनाने में शामिल था, जिसे अब सफलतापूर्वक विफल कर दिया गया है। मॉड्यूल के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
एआईजी स्टेट स्पेशल ऑपरेशंस सेल (एसएसओसी) अमृतसर, सुखमिंदर सिंह मान ने बताया कि एक खुफिया जानकारी के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस टीमों ने सरबजीत सिंह और अमनदीप सिंह को गिरफ्तार कर उनके पास से हथियार बरामद किए।
जांच में पता चला कि इस समूह का मुख्य गुर्गा और पाकिस्तानी एजेंटों का प्राथमिक संपर्क बिक्रमजीत सिंह गुजरात के डीसा से काम कर रहा था। यह जानकारी तुरंत एटीएस गुजरात के साथ साझा की गई और उनके सक्रिय सहयोग से एसएसओसी अमृतसर की टीम ने बिक्रमजीत सिंह को गुजरात से गिरफ्तार कर लिया।
एआईजी सुखमिंदर मान ने आगे बताया कि सभी आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए पाकिस्तानी खुफिया एजेंटों के संपर्क में थे। आईएसआई हैंडलर्स के निर्देश पर यह समूह पंजाब और अन्य राज्यों में विभिन्न पुलिस कार्यालयों पर ग्रेनेड हमले करने की योजना बना रहा था।
इस संबंध में अमृतसर के एसएसओसी पुलिस स्टेशन में विस्फोटक पदार्थ (संशोधन) अधिनियम की धारा 4, आर्म्स एक्ट की धारा 25 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित