विशाखापत्तनम , मार्च 30 -- तेलुगु देशम् पार्टी (तेदेपा) के अध्यक्ष एवं विधायक पल्ला श्रीनिवास राव ने सोमवार को कहा कि आंध्र प्रदेश में चंद्रबाबू नायडू सरकार टाउनशिप एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (टीआईडीसीओ) आवास इकाइयों का वंचितों के बीच बड़े पैमाने पर वितरण उनके जीवन में एक परिवर्तनकारी दौर की शुरुआत कर रही है।
इस पहल के तहत आज गाजुवाका निर्वाचन क्षेत्र के तालारुवानीपालेम में टीआईडीसीओ आवास परिसरों का उद्घाटन बड़े ही धूमधाम से किया गया।
ये घर औपचारिक रूप से लाभार्थियों को श्री श्रीनिवास राप , विशाखापत्तनम के प्रभारी मंत्री डोला बाला वीरंजनेय स्वामी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक विष्णु कुमार राजू की उपस्थिति में सौंपे गए। इस अवसर पर गाजुवाका में लाभार्थियों को कुल 1,393 घर आवंटित किए गए।
श्री श्रीनिवास राव ने सभा को संबोधित करते हुए इस बात पर जोर दिया कि गठबंधन सरकार ने पूरे राज्य में गरीबों की आवास संबंधी जरूरतों का स्थायी समाधान प्रदान करने के अपने प्रयासों को तेज कर दिया है। उन्होंने कहा कि गरीबों का अपना घर होने का सपना अब साकार हो रहा है।
उन्होंने बताया कि अकेले मौजूदा चरण में ही 2.5 लाख टीआईडीसीओ घरों का वितरण किया जा रहा है। यह याद दिलाते हुए कि पिछले साल पहले चरण के दौरान 3 लाख घर सौंपे गए थे, उन्होंने कहा कि चल रहे दूसरे चरण में 2.5 लाख और इकाइयां जोड़ी गई हैं, जिससे कुल संख्या 5.5 लाख घरों तक पहुंच गई है, जो महज़ 21 महीनों के भीतर पूरे करके सौंप दिए गए हैं। इस उपलब्धि को उन्होंने सरकार के प्रशासनिक संकल्प और प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित