विजयवाड़ा , जनवरी 20 -- आंध्र प्रदेश सरकार के स्वामित्व वाले परिवहन निगम, एपीएसआरटीसी ने संक्रांति और पोंगल की छुट्टियों के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को संभालते हुए 19 जनवरी को एक ही दिन में 27.68 करोड़ रुपये की भारी कमाई कर आमदनी का नया रिकॉर्ड बनाया।
एपीएसआरटीसी के उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक (एमडी) सी.एच. द्वारमा तिरुमाला राव ने मंगलवार को यहां बताया कि 19 जनवरी को एपीएसआरटीसी ने 50.6 लाख से अधिक यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचा कर और 27.68 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई करके इतिहास रच दिया।
पहली बार एपीएसआरटीसी ने एक दिन में इतनी बड़ी संख्या में लोगों को परिवहन सुविधा प्रदान करते हुए 27.68 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की।
उन्होंने कहा, "हमने संक्रांति पर्व के दौरान बस किराए में बढ़ोतरी किए बिना आरटीसी बसें चलाईं। इसके अलावा, संक्रांति पर्व के दिनों में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त सेवाएं और विशेष सेवाएं भी चलाई गईं।" श्री राव ने कहा कि आरटीसी के पास उपलब्ध संसाधनों और बुनियादी ढांचे का उपयोग करके यह रिकॉर्ड संख्या हासिल की जा सकी। उन्होंने बताया कि बसों का आवंटन अग्रिम योजना और प्रत्येक रूट की मांग के आधार पर किया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित