विजयवाड़ा , मार्च 06 -- आंध्र प्रदेश के पर्यटन विकास मंत्री कंडुला दुर्गेश ने घोषणा की है कि राज्य में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप थीम पार्क स्थापित किए जाएंगे।

श्री दुर्गेश ने शुक्रवार को अमरावती में विधानसभा में कहा कि जो भी थीम पार्क स्थापित करने के लिए आगे आएंगे, सरकार उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने सदन को सूचित किया कि डिज्नी वर्ल्ड या यूनिवर्सल स्टूडियो जैसे मेगा प्रोजेक्ट निजी संगठनों द्वारा स्थापित और संचालित किए जाते हैं, क्योंकि इनमें भारी निवेश की आवश्यकता होती है , हालांकि सरकार ऐसी कंपनियों को आवश्यक भूमि और बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन क्षेत्र को मजबूत करने और पर्यटकों के खर्च को बढ़ाने के लिए कदम उठा रही है। वर्तमान में भारत में प्रति पर्यटक औसत खर्च लगभग 20,000 से 21,000 रुपये है, जो अंतरराष्ट्रीय मानकों की तुलना में काफी कम है।

श्री दुर्गेश ने विश्व प्रसिद्ध थीम पार्कों जैसे ऑरलैंडो में वॉल्ट डिज्नी वर्ल्ड, लॉस एंजिल्स में यूनिवर्सल स्टूडियो, टोक्यो डिज्नी रिजॉर्ट, पेरिस में डिज्नीलैंड और शंघाई डिज्नी रिजॉर्ट का उदाहरण देते हुए कहा कि ये बड़े महानगरों में स्थित हैं और हर साल भारी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करते हैं।

पर्यटन मंत्री ने उल्लेख किया कि बड़े पैमाने पर निवेश को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने पर्यटन क्षेत्र को 'उद्योग का दर्जा' दिया है। निवेशकों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार 40 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी और 5-10 प्रतिशत निश्चित पूंजी निवेश सब्सिडी की पेशकश कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित