रायपुर , जनवरी 27 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश में निर्बाध एवं निरंतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ में आयोजित सम्मान समारोह में पुरस्कृत किया गया। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन एवं जनरेशन कंपनी के अध्यक्ष डॉ. रोहित यादव (आईएएस) ने उत्पादन, ट्रांसमिशन एवं डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को पुरस्कार एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।

समारोह में आंधी-तूफान, भारी बारिश और बाढ़ जैसी विपरीत परिस्थितियों में गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल करने वाले कर्मियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पावर कंपनियों के प्रबंध निदेशक एस.के. कटियार, राजेश कुमार शुक्ला एवं भीमसिंह कंवर भी उपस्थित रहे।

सर्वश्रेष्ठ विद्युत गृह का पुरस्कार डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह, कोरबा (2गुणा250 मेगावाट) को प्रदान किया गया। इस संयंत्र ने छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग द्वारा निर्धारित प्लांट एवेलेबिलिटी फैक्टर, ऑक्सिलरी कंजम्पशन, विशिष्ट तेल खपत सहित सभी नामित मापदंडों को सफलतापूर्वक प्राप्त किया।

उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विद्युत गृह को तीन लाख रुपये एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित