चंडीगढ़ , मार्च 16 -- पंजाब सरकार ने राज्य के आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए सरकार ने राज्य के 2162 आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए नए शौचालयों के निर्माण को मंजूरी दी है, ताकि नन्हे बच्चों को एक सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण प्रदान किया जा सके।
सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि इन शौचालयों के निर्माण पर कुल 7.78 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। प्रत्येक शौचालय के निर्माण हेतु लगभग 36 हजार रुपये की राशि निर्धारित की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिलों को जल्द ही यह फंड जारी कर दिया जाएगा ताकि निर्माण कार्य बिना किसी देरी के शुरू हो सके।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों की देखभाल और उनकी प्रारंभिक शिक्षा की पहली सीढ़ी होते हैं। सरकार की प्राथमिकता है कि यहाँ आने वाले बच्चों को बीमारियों से बचाने के लिए स्वच्छता की बेहतर सुविधाएं मिलें। उन्होंने कहा कि बेहतर शौचालयों से बच्चों के स्वास्थ्य की रक्षा होगी।इससे आंगनवाड़ी केंद्रों के प्रति अभिभावकों का भरोसा और मजबूत होगा। यह कदम बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे का हिस्सा है।
डॉ. कौर ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में इन शौचालयों के निर्माण की जिम्मेदारी ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग को सौंपी गई है। विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि वे इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित