शहडोल , फरवरी 18 -- मध्यप्रदेश के शहडोल जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत झिरियाटोला में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का फर्जी नियुक्तिपत्र देकर डेढ़ लाख रुपये ठगने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार झिरियाटोला निवासी साधना पटेल और मायावती सिंह से रामचरित द्विवेदी और अनुराग द्विवेदी ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पद पर नियुक्ति दिलाने का झांसा देकर डेढ़ लाख रुपये वसूल लिए थे। आरोपियों ने पेटीएम के माध्यम से राशि प्राप्त की थी।

बताया गया है कि आरोपी पिछले छह माह से पैसे वापस करने का आश्वासन देते रहे, लेकिन राशि नहीं लौटाई। पीड़ित महिलाओं की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कल शाम दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचना के तहत कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित