अहमदाबाद , जनवरी 16 -- पश्चिम रेलवे में गुजरात के अहमदाबाद मण्डल पर मण्डल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति की चतुर्थ बैठक का शुक्रवार को आयोजन किया।

मंडल रेल प्रवक्ता ने बताया कि अहमदाबाद मण्डल में मण्डल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति (डीआरयूसीसी) की चतुर्थ बैठक मण्डल रेल प्रबंधक कार्यालय, अहमदाबाद में आयोजित की गयी। बैठक के प्रारम्भ में मण्डल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने सभी सदस्यों का स्वागत एवं अभिवादन करते हुए उनके-अपने क्षेत्रों से संबंधित सुझाव आमंत्रित किये।

समिति के सचिव एवं वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक अन्नू त्यागी ने उपस्थित सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए अहमदाबाद मण्डल में चल रही विभिन्न गतिविधियों एवं विकासात्मक परियोजनाओं की जानकारी साझा कर कहा कि यात्रियों की सुविधाओं में निरंतर सुधार करना तथा यात्रा अनुभव को और बेहतर बनाना मण्डल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दिशा में सभी आवश्यक प्रयास किये जा रहे हैं और आगामी समय में मण्डल के विभिन्न स्टेशनों पर और अधिक आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी।

श्री त्यागी ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से मण्डल की प्रमुख उपलब्धियों एवं विकास कार्यों की जानकारी दी और बताया कि अहमदाबाद, साबरमती एवं भुज स्टेशनों का मेजर रीडेवलपमेंट कार्य प्रगति पर है, जिनमें साबरमती एवं भुज स्टेशनों का कार्य उन्नत चरण में है। इसके अतिरिक्त अन्य प्रमुख स्टेशनों का पुनर्विकास 'अमृत स्टेशन योजना' के अंतर्गत किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने पर यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने यह भी बताया कि गेज परिवर्तन एवं अन्य आधारभूत संरचना से संबंधित कार्यों में तेजी लायी गयी है। हाल ही में आंबलियासन-विजापुर तथा मोटी-विजापुर रेलखंड का गेज परिवर्तन कार्य पूर्ण हो चुका है और इस खंड का सीआरएस निरीक्षण भी सम्पन्न हो गया है। शीघ्र ही इस सेक्शन पर ट्रेनों का परिचालन प्रारम्भ किया जा सकेगा।

बैठक के दौरान समिति के सदस्यों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित रेल समस्याओं, ट्रेनों के ठहराव, ट्रेनों का विस्तार, ट्रेनों का स्टोपेज प्रदान करने, नयी ट्रेन सेवा शुरू करने एवं अंडर ब्रिज और रोड ओवर ब्रिज बनाने तथा नयी परियोजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन तथा स्टेशनों पर बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किये गये। मण्डल रेल प्रबंधक ने प्रस्तुत विषयों पर विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक एवं उपयुक्त कार्यवाही का आश्वासन दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित