अहमदाबाद , दिसंबर 30 -- पश्चिम रेलवे में गुजरात के अहमदाबाद मंडल पर एक जनवरी से नयी समय सारणी लागू की जा रही है। इसमें कुछ ट्रेनों की गति बढ़ाई जा रही है, जिससे यह ट्रेनें अपने वर्तमान निर्धारित समय से पहले गंतव्य पर पहुंचेगी।

मंडल रेल प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि इस बार अहमदाबाद मंडल से होकर जाने वाली 85 ट्रेनों की गति बढ़ायी गयी है, साथ ही 23 ट्रेनों के यात्रा में लगने वाले समय में पांच मिनट से लेकर 40 मिनट तक की कमी की गयी है। ट्रेनों की गति बढ़ाये जाने के फलस्वरूप यात्री ट्रेनों के परिचालन समय में कमी आयी है। इसका पूरा लाभ यात्रियों को मिलेगा, उन्हें अपने गंतव्य पर पहुंचने में समय की बचत होगी।

अहमदाबाद डिवीजन पर इस दौरान विभिन्न स्टेशनों पर 110 ट्रेनों का समय पहले किया गया है, जिसमें ट्रेनें अपने पहले के समय से पांच मिनट से लेकर 40 मिनट तक जल्दी आएंगी। इसी तरह 57 ट्रेनों का समय बाद में किया गया हैं, जिसमें ट्रेनें अपने पहले के समय से पांच मिनट से लेकर 45 मिनट तक देरी से आएंगी।

अहमदाबाद मंडल के अहमदाबाद, साबरमती, महेसाणा, पालनपुर, पाटन, भीलड़ी,उंझा, सिद्धपुर, गांधीनगर, कलोल, वीरमगाम, गांधीधाम, हिम्मतनगर, हलवद, ध्रांगध्रा, सामाख्याली, भुज सहित अन्य स्टेशनों के समय में बदलाव होगा जिसमें ये ट्रेनें अपने वर्तमान निर्धारित समय से पहले या बाद में पहुंचेगी। पश्चिम रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि नयी समय सारणी के अनुसार यात्रा करते समय रेल पूछताछ 139 या आईआरसीटीसी वेबसाइट पर अवलोकन कर सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित