अहमदाबाद , फरवरी 24 -- पश्चिम रेलवे में गुजरात के अहमदाबाद मंडल में होली पर्व के मद्देनजर विशेष यात्री प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
मंडल रेल प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि होली त्योहार के अवसर पर यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए अहमदाबाद मंडल द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। होली पर्व के दौरान पश्चिम रेलवे द्वारा विभिन्न गंतव्यों के लिए कुल 684 ट्रेन फेरे संचालित किये जाएंगे, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इस संबंध में मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गयी, जिसमें सभी संबंधित विभागोंको यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने ठोस एवं प्रभावी प्रबंध करने के निर्देश दिये गये।
यात्री सुविधाएं एवं भीड़ प्रबंधन, यात्री होल्डिंग एरिया, अहमदाबाद रेलवे स्टेशन कालूपुर की ओर प्रतीक्षालय को तीन भागों में विभाजित किया जाएगा। मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब (एमएमटीएच) बिल्डिंग का ग्राउंड फ्लोर लगभग 43,056 वर्ग फुट, पैसेंजर रिज़र्वेशन सिस्टम (पीआरएस) कार्यालय के पास स्थित वर्तमान प्रतीक्षालय लगभग 4,133 वर्ग फुट और एलिवेटेड रोड के नीचे ऑटो-रिक्शा लेन एवं दोपहिया पार्किंग क्षेत्र का एक भाग लगभग 4,844 वर्ग फुट में विभाजित किया जाएगा। सरसपुर की ओर के प्रतीक्षालय को दो भागों में विभाजित किया जाएगा। बुकिंग कार्यालय के पास स्थित वर्तमान प्रतीक्षालय लगभग 3,229 वर्ग फुट और बुकिंग कार्यालय एवं कूली मस्जिद की ओर जाने वाले मार्ग का क्षेत्र लगभग 6,458 वर्ग फुट में विभाजित किया जाएगा।
साबरमती स्टेशन पर लगभग 4,000 से 5,000 यात्रियों के बैठने की समुचित व्यवस्था की गयी है। यातायात के सुचारु प्रवाह को सुनिश्चित करने हेतु प्रवेश एवं निकास द्वारों को अलग-अलग रखा गया है, जिससे भीड़ का बेहतर प्रबंधन किया जा सके। इन प्रतीक्षालय क्षेत्रों में पंखों, पेयजल एवं आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की गयी है, जिससे प्लेटफार्मों पर अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित किया जा सके तथा यात्रियों का चरणबद्ध प्रवेश सुनिश्चित हो।
विशेष प्लेटफार्म प्रबंधन योजना, अधिकांश होली स्पेशल एवं अधिक भीड़ वाली गाड़ियां प्लेटफॉर्म संख्या आठ से संचालित की जाएंगी, जिससे भीड़ का प्रभावी वितरण सुनिश्चित हो सके। केन्द्रीकृत घोषणा प्रणाली को सुदृढ़ किया गया है, ताकि यात्रियों को समय-समय पर आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध करायी जा सकें। अतिरिक्त हेल्प डेस्क, टिकट काउंटरों पर पर्याप्त स्टाफ, पेयजल सुविधा, स्वच्छता व्यवस्था एवं प्रतीक्षालयों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था, स्टेशन परिसरों एवं प्रमुख प्लेटफार्मों पर आरपीएफ एवं जीआरपी कर्मियों की अतिरिक्त तैनाती की जाएगी। आरपीएफ एवं वाणिज्य स्टाफ को आवश्यक वीएचएफ हैंडसेट उपलब्ध कराये जाएंगे, जिससे त्वरित समन्वय एवं प्रतिक्रिया सुनिश्चित हो सके। बैग चेकिंग अभियान को सघन रूप से चलाया जाएगा। आरपीएफ सीसीटीवी कक्ष से ही वार रूम संचालित किया जाएगा, जहां से 24गुणा7 निगरानी की जाएगी। सादे वस्त्रों में आरपीएफ एवं जीआरपी की सीपीडीएस (अपराध रोकथाम एवं जांच दल) टीमें संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखेंगी। चौबीसों घंटे सीसीटीवी निगरानी प्रणाली सक्रिय रहेगी तथा किसी भी स्थान पर भीड़ बढ़ने की स्थिति में फील्ड इकाइयों को तत्काल सतर्क किया जाएगा।
वाणिज्य एवं विशेष सहायता प्रबंध, मंडल स्तर पर वार रूम का गठन किया गया है, जहां से वरिष्ठ अधिकारी 24गुणा7 निगरानी करेंगे। भीड़ की स्थिति मेंउच्च अधिकारी स्वयं प्लेटफॉर्म पर उपस्थित रहेंगे। यात्रियों को होली स्पेशल ट्रेनों एवं अतिरिक्त सेवाओं की जानकारी देने हेतु सोशल मीडिया, प्रेस विज्ञप्ति, नियमित ट्वीट एवं सार्वजनिक घोषणा प्रणाली का व्यापक उपयोग किया जाएगा। टिकट चेकिंग स्टाफ को अतिरिक्त सतर्कता एवं मार्गदर्शन हेतु निर्देशित किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित