ऋषिकेश , दिसंबर 16 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश के इंदिरा नगर निवासी धर्मवीर सिंह के पालतू लैब्राडोर नस्ल के कुत्ते की कथित चिकित्सकीय लापरवाही से मौत का मामला सामने आने पर तरह तरह के सवाल उठ रहे हैं।

बताया गया कि सोमवार को कुत्ते को इलाज के लिए राजकीय पशु चिकित्सालय लाया गया था लेकिन उस समय अस्पताल में पशु चिकित्सक मौजूद नहीं थे। आरोप है कि फार्मासिस्ट के निर्देश पर चपरासी द्वारा कुत्ते को चार इंजेक्शन लगाए गए, जिसके बाद कुत्ते की मौके पर ही मौत हो गई।

इस संबंध में मृतक कुत्ते के मालिक के भांजे हर्ष सिंह रावत ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को मंगलवार लिखित शिकायत सौंपी है। शिकायत में आरोपी चिकित्सक एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग की गई है।

घटना के बाद से पशु प्रेमियों में अस्पताल प्रबंधन के प्रति गहरा रोष है। पशु प्रेमियों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी अस्पताल की लापरवाही के कारण कई पालतू पशुओं की जान जा चुकी है लेकिन जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित