हमीरपुर , अप्रैल 30 -- अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस की पूर्व संध्या पर भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री अनिल उपाध्याय ने कहा कि कठोर परिश्रम के बावजूद देश और प्रदेश का मजदूर आज भी असुरक्षा और अनिश्चितता के बीच जीवन यापन कर रहा है, जो एक प्रकार से आधुनिक "गुलामी" जैसी स्थिति को दर्शाता है। गुरुवार को जारी बयान में श्री उपाध्याय ने आरोप लगाया कि मजदूरों के समग्र विकास के लिए अब तक कोई ठोस नीति नहीं बन सकी है। उन्होंने कहा कि ठेकेदारी प्रथा को बढ़ावा मिलने से मजदूरों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं और उनके हितों की अनदेखी हो रही है। उन्होंने आशा, आंगनबाड़ी सहित विभिन्न स्कीम वर्करों को सम्मानजनक मानदेय देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि देश में सरकारी नौकरियों का प्रतिशत बेहद कम है और मानक के अनुरूप इसे बढ़ाया जाना चाहिए, अन्यथा शासन-प्रशासन और सामाजिक ढांचे पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। सामाजिक सुरक्षा के अभाव में मजदूरों में असुरक्षा की भावना व्याप्त है, जिसे दूर करना आवश्यक है।
श्री उपाध्याय ने बताया कि देश में लगभग 94 प्रतिशत श्रमिक असंगठित क्षेत्र से जुड़े हैं, जहां रोजगार की स्थिरता और सुरक्षा का अभाव है। घटती कृषि भूमि और बढ़ती बेरोजगारी का सीधा असर मजदूर वर्ग पर पड़ रहा है। उन्होंने रेलवे और लोक निर्माण विभाग में बेलदार व मेट जैसे पद समाप्त किए जाने पर भी चिंता जताई और इसे रोजगार के अवसर कम करने वाला कदम बताया।
उन्होंने कहा कि मजदूरों की मजदूरी में वृद्धि की जानी चाहिए और सरकारी व निजी संस्थानों में कार्यरत श्रमिकों के लिए बेहतर कार्य परिस्थितियां सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षित युवा रोजगार के अभाव में मजदूरी करने को मजबूर हो रहे हैं।
संघ के वरिष्ठ नेता विवेक मिश्रा ने सुझाव दिया कि श्रमिकों के लिए एक समग्र पोर्टल विकसित किया जाए, जिसमें उनका पूरा विवरण दर्ज हो, ताकि उन्हें समय-समय पर योजनाओं का लाभ और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें। उन्होंने बताया कि हमीरपुर जिले में ई-श्रम पोर्टल पर 4,79,692 श्रमिक पंजीकृत हैं, जबकि निर्माण श्रमिकों की संख्या 1,38,297 है। उन्होंने कहा कि ई-श्रम कार्ड के माध्यम से सरकार सीधे श्रमिकों के खातों में सहायता राशि हस्तांतरित कर सकती है, हालांकि जमीनी स्तर पर श्रमिकों की स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित