गुवाहाटी , दिसंबर 22 -- असम के मुख्यमंत्री हिमंत विस्वा सरमा ने कहा कि सरकार बंगलादेश के घटनाक्रम पर करीब से नजर रख रही है। उन्होंने सभी से पड़ोसी देश में हो रही हिंसा और घटनाक्रम को लेकर सावधान रहने का आग्रह किया।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, "हमने देखा है कि बंगलादेश में हिंदू आबादी को कैसे निशाना बनाया जा रहा है और वहां उनको जिंदा जलाया जा रहा है।" उन्होंने पड़ोसी देश में हो रही हिंसा पर चिंता जताते हुए कहा कि बंगलादेश के राजनेता और सांसद अक्सर यह कहते पाए जाते हैं कि पूर्वोत्तर भारत को बंगलादेश से अलग कर दिया जाना चाहिए और बंगलादेश द्वारा नियंत्रित किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 29 दिसंबर को होने वाले दौरे की तैयारियों की समीक्षा करने को बटाद्रवा गए थे। उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह मंत्री गुवाहाटी में पुलिस आयुक्त कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। शहर के सीसीटीवी सर्विलांस सिस्टम को लॉच करेंगे, ज्योति बिष्णु सांस्कृतिक सभागार का उद्घाटन करेंगे और बाद में नागांव जाकर बटाद्रवा पुनर्विकास परियोजना का उद्घाटन करेंगे। श्री शाह वहां एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित