लैटकोर , दिसंबर 14 -- मेघालय में डायरेक्टोरेट जनरल असम राइफल्स के मुख्यालय पर रविवार को 'फिट इंडिया मूवमेंट' को बढ़ावा देने के लिए 'असम राइफल्स हाफ मैराथन 2025' के पांचवें संस्करण में आम नागरिकों से लेकर सशस्त्र बलों और पुलिस कर्मियों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों को उनके प्रयासों की पहचान के रूप में पदक और सर्टिफिकेट के साथ-साथ यादगार टी-शर्ट भी दी गईं।

तीन श्रेणी में आयोजित हुई इस हाफ मैराथन में 26 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों के सभी उम्र वर्ग के तीन हजार से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। 21 किमी की क्लाउड चेज, 10 किमी का पाइन पाथ और पांच किमी का क्रिस्टल स्ट्रीम का आयोजन हुआ। 21 किमी हाफ मैराथन में 559, 10 किमी दौड़ में 1,502 और 5 किमी दौड़ में 977 धावक शामिल हुए।

21 किमी श्रेणी की दौड़ को असम राइफल्स के डायरेक्टर जनरल लेफ्टिनेंट जनरल विकास लखेरा और असम राइफल्स वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्ष विभा लखेरा ने हरी झंडी दिखाई। असम राइफल्स के एडिशनल डायरेक्टर जनरल, मेजर जनरल जय सिंह बैंसला, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और स्टेट हेड नॉर्थ ईस्ट रीजन और ज़ुबिन गर्ग, चीफ जनरल मैनेजर, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, मुंबई ने 10 किमी तथा पांच किमी श्रेणी को ब्रिगेडियर प्रशासनिक मुख्यालय के ब्रिगेडियर सचिंद्र तिवारी ने हरी झंडी दिखाई।

ओवरऑल कैटेगरी में, 20 कुमाऊं, इंडियन आर्मी के संदीप देवराड़ी ने एक घंटे सात मिनट के समय के साथ 21 किमी (पुरुष) श्रेणी में जीत हासिल की, जबकि वाराणसी, उत्तर प्रदेश की सुश्री तामसी सिंह ने एक घंटे 23 मिनट के समय के साथ 21 किमी (महिला) श्रेणी में जीत दर्ज की।

पूर्वी वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, एयर मार्शल सूरत सिंह प्रतिभागियों और दर्शकों के उत्साह और खेल भावना की सराहना की और 21 किमी और 10 किमी कैटेगरी के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित