दीमापुर , अप्रैल 07 -- असम राइफल्स के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल विकास लखेरा ने मंगलवार को कोहिमा में नागालैंड के राज्यपाल नंद किशोर यादव और मुख्यमंत्री नेफियू रियो से मुलाकात की।

रक्षा विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार इस शिष्टाचार भेंट का उद्देश्य नागरिक-सैन्य जुड़ाव को मजबूत करना और असम राइफल्स और राज्य प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय को बढ़ावा देना था।

बैठक के दौरान लेफ्टिनेंट जनरल ने ऑपरेशनल तैयारियों, सीमावर्ती क्षेत्रों में चल रही विकास परियोजनाओं और असम राइफल्स की ओर से चलाये जा रहे जनसंपर्क कार्यक्रमों को बेहतर बनाने के उपायों पर चर्चा की गयी। उन्होंने दूरदराज के इलाकों में सुरक्षा, क्षेत्रीय विकास और कल्याणकारी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए असम राइफल्स के प्रयासों की सराहना भी की।

लेफ्टिनेंट जनरल ने दीमापुर स्थित असम राइफल्स के छह सेक्टर मुख्यालय का दौरा किया और वहां ऑपरेशनल, इंटेलिजेंस, ट्रेनिंग और प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्हें दीमापुर और आसपास के क्षेत्रों के सामाजिक-राजनीतिक घटनाक्रमों सहित वर्तमान सुरक्षा व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी।

महानिदेशक ने सेक्टर के अंतर्गत आने वाली ईकाइयों की ऑपरेशनल तैयारियों का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सैनिकों की तैनाती, उनकी तत्परता और अन्य एजेंसियों के साथ तालमेल पर ध्यान केंद्रित किया। यह सुनिश्चित करने के लिए ट्रेनिंग के मानकों की भी समीक्षा की गयी कि सैनिक बदलती सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में सतत विकास, आपदा प्रबंधन और युवा सशक्तिकरण के लिए मिलकर काम करने की जरूरत पर जोर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित