नयी दिल्ली , मार्च 16 -- भारत निर्वाचन आयोग ने असम विधानसभा चुनाव 2026 की तैयारियों के बीच राज्य में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए एक के बाद एक तीन बड़े प्रशासनिक कदम उठाए हैं।
सूत्रों के मुताबिक आयोग ने चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए विशेष पर्यवेक्षक की नियुक्ति की है, जो पूरे चुनावी तंत्र पर सीधे नजर रखेंगे और किसी भी तरह की गड़बड़ी की स्थिति में तुरंत रिपोर्ट करेंगे। इसके अलावा कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने के उद्देश्य से राज्य के कई जिलों में एसएसपी/पुलिस अधीक्षकों के तबादले किए गए हैं। चुनाव आयोग का मानना है कि निष्पक्ष चुनाव के लिए संवेदनशील जिलों में प्रशासनिक बदलाव जरूरी हैं।
आयोग ने तीसरा और सबसे अहम कदम उठाते हुए आयोग ने असम सरकार के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर 2010 से 2021 बैच तक के सभी आईएएस अधिकारियों की सूची मांगी है, ताकि उन्हें जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ) के रूप में नई तैनाती के लिए विचार किया जा सके। आयोग ने यह सूची तत्काल उपलब्ध कराने को कहा है, जिससे चुनाव से पहले प्रशासनिक ढांचा पूरी तरह बदला जा सके।
सूत्रों के मुताबिक ये सभी कदम चुनाव से पहले प्रशासनिक निष्पक्षता सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार के स्थानीय प्रभाव को खत्म करने की रणनीति का हिस्सा माने जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित