रायपुर, 28 फरवरी 2026 ( वार्ता ) छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव 25 फरवरी से विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चौथी बार असम प्रवास पर हैं। इस दौरान उन्होंने लखीमपुर लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों सहित गुवाहाटी में आयोजित संगठनात्मक बैठकों में भाग लिया।
असम भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित विस्तृत बैठक में उन्होंने डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों को घर-घर तक पहुंचाने और संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।
शनिवार को तिनसुकिया जिला मुख्यालय में जिला एवं विधानसभा स्तर के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी चुनावी रणनीति, जनसंपर्क अभियान और संगठनात्मक मजबूती पर विस्तार से चर्चा हुई। डूमडूमा और सदिया में आयोजित बैठकों में भी चुनाव तैयारियों की समीक्षा की गई। अरुण साव ने बूथ प्रबंधन को प्रभावी और संगठित बनाने पर विशेष जोर दिया।
आज लखीमपुर में जिला एवं विधानसभा स्तर के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर मार्गदर्शन दिया गया। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें लखीमपुर लोकसभा क्षेत्र की नौ विधानसभा सीटों की जिम्मेदारी सौंपी है।
अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, महिला सशक्तिकरण और निवेश के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से राज्य के विकास को नई गति मिली है। डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से असम निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित