रायपुर , मार्च 18 -- असम में कांग्रेस के नेताओं के दल बदल को लेकर कांग्रेस महासचिव भूपेश बघेल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा भाजपा को कांग्रेसमय करके ही मानेंगे। उन्होंने कहा कि नेताओं का दल बदलना कोई नई बात नहीं है लेकिन इससे कांग्रेस पार्टी पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है।
श्री बघेल ने बुधवार को रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुये यह कहा। इस दौरान श्री बघेल ने नक्सलवाद के मुद्दे पर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि उल्टी गिनती शुरू हो गई है और अब सिर्फ 13 दिन शेष हैं। उन्होंने कहा - सरकार नक्सलवाद के खात्मे की घोषणा करे, अब बस उसी का इंतजार है।
कांग्रेस महासचिव की यह टिप्पणी उस वक्त आई जब 140 आत्मसमर्पित नक्सलियों को छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र की कार्यवाही देखने का मौका दिया गया। इनमें 54 महिलाएं और 86 पुरुष शामिल थे। आज से पहले भी इसी सत्र के दौरान आत्मसमर्पित नक्सलियों को विधानसभा की कार्रवाई देखने के लिए आमंत्रित किया गया था।
गौरतलब है कि राज्य के गृहमंत्री विजय शर्मा ने हाल ही में नक्सलियों से मुख्यधारा में लौटने की अपील करते हुए कहा था कि सरकार उनके स्वागत के लिए रेड कॉर्पेट बिछाएगी और उनका सम्पूर्ण पुनर्वास किया जाएगा। श्री बघेल ने इस पहल का समर्थन करते हुए कहा कि वह आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को समान अवसर दिए जाने के पक्षधर हैं।
वहीं, महासचिव बघेल ने रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में गटर की सफाई के दौरान तीन सफाई कर्मियों की मौत पर भी दुख जताया। उन्होंने कहा कि इस मामले में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। यह घटना मंगलवार देर रात की है, जहां एक के बाद एक गटर में उतरे तीन सफाई कर्मचारियों की मौत हो गई थी। उन्होंने ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत पर बल दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित