गुवाहाटी , दिसंबर 08 -- असम में कक्षा 6, 7 और 8 के छात्रों के लिए असम का इतिहास और भूगोल अब अनिवार्य विषय बनाए जाएंगे।
राज्य मंत्रिमंडल की रविवार देर शाम हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया कि कक्षा 6, 7 और 8 में राज्य का इतिहास और भूगोल अनिवार्य विषयों के रूप में शामिल किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बैठक के बाद मीडिया को बताया कि यह निर्णय असम समझौते की धारा 6 को लागू करने के लिए गठित उच्चस्तरीय समिति की सिफारिशों के आधार पर लिया गया है। इस समिति की अध्यक्षता सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति बिप्लब कुमार शर्मा कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि मंत्रिमंडल ने सिलचर के डोलू टी एस्टेट की 3,000 बीघा भूमि हवाईअड्डा प्राधिकरण (एएआई) को ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने के लिए देने को मंजूरी दे दी है। इससे केंद्र सरकार की मंजूरी प्राप्त करने का रास्ता साफ होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित