गुवाहाटी , अप्रैल 09 -- असम विधानसभा चुनाव में मतदान के शुरुआती आठ घंटों में 75 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।

राज्य की सभी 126 सीटों के लिए मतदान आज सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम पांच बजे तक चलेगा।

चुनाव आयोग के अनुसार अपराह्न तीन बजे तक 75.91 प्रतिशत मतदान हुआ है। मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की लम्बी कतारें दिख रही हैं। युवा, जवान और वृद्धों में भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के प्रति खासा उत्साह देखा गया।

राज्य में अभी तक कहीं से कोई अप्रिय सूचना नहीं मिली है और मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है।

चुनावी राज्य के दक्षिण सलमारा मनकाचार जिले में सबसे अधिक 84.24 प्रतिशत और कामरूप (मेट्रा) में सबसे कम 65.30 प्रतिशत मतदान हुआ है।

राज्य में बिना किसी हिंसा के शांतिपूर्वक मतदान जारी है। चुनाव आयोग ने राज्य में चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किये हैं।

असम की सभी 126 सीटों के लिए कुल 722 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। राज्य में 2.50 से अधिक मतदाताओं के लिए कुल 28,205 मतदान केंद्र बनाये गये हैं। कुल मतदाताओं में 1.25 करोड़ पुरुष, 1.25 करोड़ से अधिक महिलाएं और 343 उभयलिंगी मतदाता शामिल हैं।

सूत्रों के मुताबिक, मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है और अब तक किसी अप्रिय घटना की कोई खबर नहीं है।

राजय विधानसभा चुनाव में जिन प्रमुख हस्तियों ने अपना वोट डाल दिया है, उनमें मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई, राजोर दल प्रमुख अखिल गोगोई और राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग शामिल हैं।

श्री सरमा ने पत्नी और बेटे के साथ मतदान किया। वह जलुकबारी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं। श्री गोगोई ने अपने गृह क्षेत्र जोरहाट में मतदान किया, जहां से वे पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।

दिवंगत गायक जुबिन गर्ग की पत्नी गरिमा गर्ग ने दक्षिण गांव हाई स्कूल मतदान केंद्र पर मतदान किया और उम्मीद जताई कि चुनाव नागरिकों की इच्छा को प्रतिबिंबित करेगा और न्याय सुनिश्चित करेगा। लोकप्रिय गायक जुबिन गर्ग का पिछले साल सिंगापुर में निधन हो गया था और उनके निधन से जुड़ा विवाद चुनावी मुद्दा बन गया था।

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व वाला भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन लगातार तीसरी बार सत्ता में आने का भरसक प्रयास कर रहा है। इसका मुख्य प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के नेतृत्व वाला असम सोनमिलितो मंच (एएसएम) है, जिसके प्रमुख प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई हैं। कांग्रेस पिछले दस वर्षों से अपने गढ़ में सत्ता से बाहर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित