गुवाहाटी , फरवरी 12 -- गुवाहाटी की एक अदालत ने गुरुवार को कांग्रेस नेताओं गौरव गोगोई, जितेंद्र सिंह और भूपेश बघेल को असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के खिलाफ उनके हालिया आरोपों को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
कामरूप महानगर जिला सत्र न्यायाधीश की अदालत ने तीनों कांग्रेस नेताओं को मुख्यमंत्री के खिलाफ कोई भी और मानहानिकारक बयान प्रकाशित, प्रसारित और आगे बढ़ाने से भी रोका।
अदालत का यह आदेश तब आया है, जब श्री सरमा ने हाल ही में तीन कांग्रेस नेताओं के उनके खिलाफ दिये गये मानहानिकारक बयानों और आरोपों को लेकर न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था।
श्री सरमा ने उनके खिलाफ झूठे, दुर्भावनापूर्ण और मानहानिकारक आरोप लगाने के लिए तीनों कांग्रेस नेताओं के खिलाफ 500 करोड़ रुपये का मानहानि मामला दायर किया है।
उल्लेखनीय है कि तीनों कांग्रेस नेताओं ने चार फरवरी को संवाददाता सम्मेलन के दौरान श्री सरमा पर भ्रष्टाचार के कई आरोप लगाये थे। विपक्षी नेताओं ने श्री सरमा पर 12000 करोड़ रुपये की अवैध भूमि संपत्ति रखने का आरोप लगाया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित