गुवाहाटी , फरवरी 09 -- असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) अध्यक्ष गौरव गोगोई ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से बंगलादेश मुलाकात के बारे में बताने की चुनौती दी है।

श्री गोगोई ने सोमवार को मीडिया के साथ असम के मुख्यमंत्री की बंगलादेश में एक अनजान धार्मिक नेता के साथ की तस्वीर भी साझा की।

श्री गोगोई ने उक्त बातें असम के मुख्यमंत्री के उन पर लगाये आरोपों का जवाब देने के लिए बुलाये संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही।

असम के मुख्यमंत्री ने रविवार को संवाददाता सम्मेलन के सामने विशेष जांच दल की रिपोर्ट के एक हिस्से का खुलासा कर श्री गोगोई और उनकी पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न गोगोई को पाकिस्तान स्थित भारत विरोधी नेटवर्क से जोड़ा था।

श्री गोगोई ने असम के मुख्यमंत्री और उनके साथ एक अनजान व्यक्ति की तस्वीर दिखाते हुए कहा, "असम के मुख्यमंत्री पहले भी 10 बार बंगलादेश जा चुके हैं। मेरे पास मुख्यमंत्री की इस धार्मिक नेता के साथ तस्वीर है। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि यह व्यक्ति कौन है? यह तस्वीर कहां ली गयी है और इस बैठक में किन बातों पर चर्चा हुई।"श्री गोगोई ने अपने और अपने परिवार पर लगे आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की रविवार की संवाददाता सम्मेलन ने पार्टी की हताशा को ही सामने ला दिया है, क्योंकि कांग्रेस पिछले छह महीनों में अपना आधार मजबूत करने में कामयाब रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित