अमृतसर , अप्रैल 08 -- पंजाब में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार एक अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि इस मामले में एक किशोर सहित चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके कब्जे से सात आधुनिक पिस्तौल बरामद की गई हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गुरविंदर सिंह उर्फ गिंदर (32) निवासी गांव लड्ढेवाल, अमृतसर, जोबनबीर सिंह उर्फ जोबन (23) निवासी गांव लड्ढेवाल, अमृतसर, लवप्रीत सिंह उर्फ लव निवासी गांव भूसे, तरनतारन और एक 16 वर्षीय किशोर के तौर पर हुई है। पुलिस ने इनके पास से दो .30 बोर पीएक्स5 स्टॉर्म, दो .30 बोर मेड इन इटली, एक .30 बोर मेड इन चाइना, एक .30 बोर और एक 9एमएम मेड इन ऑस्ट्रिया पिस्तौल के साथ 12 कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस टीमों ने उनकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में थे। उन्होंने कहा कि अवैध हथियारों की खेप अटारी सेक्टर में गांव भैणी और नेश्ता क्षेत्र के पास ड्रोन के जरिए भेजी जा रही थी।

श्री यादव ने आगे बताया कि अपने हैंडलर्स के निर्देशों पर काम करते हुए, आरोपी पूर्व-निर्धारित स्थानों से खेप प्राप्त करते थे और आगे स्थानीय संपर्कों को उनकी आपूर्ति करते थे। उन्होंने कहा कि पूरे तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करने और इसके अगले-पिछले संपर्कों को स्थापित करने के लिए आगे की जांच जारी है।

ऑपरेशन का विवरण साझा करते हुए अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि आरोपी गुरविंदर उर्फ गिंदर, जोबनबीर उर्फ जोबन और लवप्रीत उर्फ लव को पकड़ा गया और उनके कब्जे से छह पिस्तौल बरामद की गईं। उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान उनका चौथा साथी मौके से भागने में सफल रहा, लेकिन पुलिस टीमों ने तत्परता से तलाशी जारी रखी और अगले दिन किशोर आरोपी को पकड़ लिया और उसके कब्जे से एक पिस्तौल बरामद की।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि गुरविंदर उर्फ गिंदर और लवप्रीत उर्फ लव दोनों के खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के तहत आपराधिक मामले दर्ज हैं। किशोर भी अमृतसर ग्रामीण के थाना घरिंडा में आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज एक पुराने आपराधिक मामले में शामिल है, जिसमें उसके कब्जे से तीन पिस्तौल बरामद की गई थीं। इस संबंध में अमृतसर के थाना छेहरटा में आर्म्स एक्ट की धारा 25(8) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित