जालंधर , अप्रैल 04 -- पंजाब में जालंधर ग्रामीण पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है और भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किये हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह विर्क ने शनिवार को बताया कि आरोपी की पहचान सूरज कुमार उर्फ लाडी निवासी गांव शेखेवाल, शाहकोट, के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से पांच पिस्तौल, चार कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को सीआईए स्टाफ की एक टीम ने थाना पतारा के पास नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान बिना नंबर वाली मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक पुलिस को देखकर पीछे मुड़ने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसे तुरंत काबू कर लिया।

एसएसपी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सूरज कुमार अपने साथी दविंदरपाल सिंह उर्फ दीपू और गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश के मथुरा क्षेत्र से सस्ते दामों पर अवैध हथियार खरीदता था। इन हथियारों की तस्करी जालंधर और आसपास के जिलों में ऊंचे दामों पर की जाती थी। इस मामले में थाना पतारा में शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं और भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

श्री विर्क ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है, ताकि पूरी सप्लाई चेन का पता लगाया जा सके। फरार आरोपी दविंदरपाल सिंह उर्फ दीपू की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। आरोपियों की अवैध रूप से अर्जित संपत्ति को जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित