भोपाल , मार्च 6 -- ट्रेनों में अवैध सामग्री की बिक्री और अवैध वेंडिंग पर रोक लगाने के उद्देश्य से भोपाल रेल मंडल में विशेष संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। रेलवे सूत्रों के अनुसार मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया के निर्देशन में दो मार्च से आगामी पंद्रह दिनों तक यह अभियान संचालित किया जा रहा है।

अभियान के अंतर्गत वाणिज्य विभाग, मैकेनिकल विभाग और रेल सुरक्षा बल की संयुक्त टीम द्वारा विभिन्न ट्रेनों में जांच की जा रही है। जांच के दौरान ट्रेनों में कार्यरत ऑन बोर्ड हाउसकीपिंग स्टाफ, लिनेन स्टाफ, पेंट्री और कैटरिंग स्टाफ तथा वेंडरों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

रेल प्रशासन के अनुसार अभियान का उद्देश्य ट्रेनों में अवैध रूप से शराब, गुटखा, सिगरेट तथा अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की उपलब्धता पर रोक लगाना और यात्रियों को सुरक्षित तथा अनुशासित यात्रा वातावरण उपलब्ध कराना है। जांच के दौरान यदि कोई व्यक्ति या एजेंसी अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाई जाती है तो उसके विरुद्ध रेलवे अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से भी अपील की है कि यात्रा के दौरान यदि किसी प्रकार की अवैध गतिविधि या प्रतिबंधित वस्तुओं की बिक्री की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित रेलवे अधिकारियों या रेल सुरक्षा बल को दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित