बैतूल , मार्च 11 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के आमला क्षेत्र के ग्राम तोरनवाड़ा में अवैध शराब की बिक्री से परेशान ग्रामीणों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में अनुविभागीय अधिकारी शैलेन्द्र बडोनिया और थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपकर गांव में चल रहे अवैध शराब कारोबार पर रोक लगाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लंबे समय से खुलेआम अवैध शराब की बिक्री हो रही है, जिससे सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है। शराब के कारण आए दिन झगड़े, मारपीट और विवाद की घटनाएं सामने आ रही हैं।
ग्रामीणों के अनुसार इस स्थिति का सबसे अधिक असर महिलाओं और बच्चों पर पड़ रहा है और उन्हें असुरक्षा तथा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि गांव को शराब मुक्त बनाने के लिए पहले भी कई प्रयास किए गए, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।
शिकायत में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोग पक्की और कच्ची शराब का अवैध कारोबार कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और गांव में अवैध शराब की बिक्री पूरी तरह बंद कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने यह भी आशंका जताई कि कच्ची और मिलावटी शराब की बिक्री से लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है और समय रहते कार्रवाई नहीं होने पर किसी बड़ी दुर्घटना की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित