पौड़ी , जनवरी 27 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत पौड़ी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल सर्वेश पंवार के निर्देशन में थाना रिखणीखाल एवं कोतवाली पौड़ी पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की खरीद-फरोख्त में लिप्त दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 10 पेटी अंग्रेजी शराब और दो पेटी बीयर बरामद की है।
थाना रिखणीखाल पुलिस ने आज बताया कि जांच के दौरान अभियुक्त राधेश्याम पुत्र रघुनाथ सिंह, निवासी ग्राम सनेह मल्ली कोटद्वार को शराब की अवैध बिक्री करते हुए पकड़ा गया। उसके कब्जे से आठ पेटी अंग्रेजी शराब एवं दो पेटी बीयर बरामद की गई।
वहीं कोतवाली पौड़ी पुलिस ने जांच के दौरान मातबर सिंह पुत्र भागचंद सिंह निवासी पाबो को 15 बोतल रॉयल स्टैग क्लासिक व्हिस्की एवं 52 पव्वे सोलमेट ब्लैक स्पेशल व्हिस्की के साथ गिरफ्तार किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित