रायगढ़ , दिसंबर 16 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में खनिज के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए लगातार कार्रवाई जारी रखी है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर संचालित विशेष अभियान के तहत खनिज विभाग ने मंगलवार को अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए गए नौ ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया।

जिला खनिज अधिकारी रमाकांत सोनी ने बताया कि खनिज निरीक्षक सोमेश्वर सिन्हा एवं जांच दल द्वारा सतत निगरानी के दौरान यह कार्रवाई की गई। जांच में यह पाया गया कि संबंधित वाहन बिना किसी वैध अनुमति के रेत का परिवहन कर रहे थे। मौके पर विधिवत जांच के उपरांत सभी वाहनों को जब्त कर वाहन मालिकों के विरुद्ध खनिज अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि प्रकरणों में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के अंतर्गत नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाइयाँ लगातार जारी रहेंगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कदम उठाए जाएंगे।

कार्रवाई के दौरान जिन वाहन मालिकों पर प्रकरण दर्ज किया गया है, उनमें जोरापाली निवासी भानुकुमार चौहान एवं बाल्मिकी प्रजापति, कुरमापाली के नूतन साहू, गोपालपुर के प्रेम उरांव, पतरापाली के समीर पटेल, बाबाधाम रायगढ़ के तिरथलाल यादव एवं प्यारेलाल साहू, धनागर के उत्तम सारथी तथा हण्डी चौक रायगढ़ के गणेश अग्रवाल शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित