भिण्ड , दिसंबर 16 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में अवैध रेत खनन और रेत माफिया की सक्रियता को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लहार एसडीएम विजय सिंह यादव पर रेत से भरे ट्रैक्टर से हमला किए जाने की घटना पर मध्यप्रदेश कांग्रेस के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व लहार विधायक डॉ. गोविंद सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर जिले में अवैध रेत उत्खनन पर तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
डॉ. गोविंद सिंह ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि 15 दिसंबर 2025 को भिण्ड जिले के मिहोना बायपास मार्ग पर सुबह करीब 11 बजे बिना रॉयल्टी के रेत से भरे दो ओवरलोड ट्रैक्टरों का परिवहन किया जा रहा था। इसी दौरान लहार एसडीएम विजय सिंह यादव कलेक्टर की बैठक में शामिल होने जिला मुख्यालय जा रहे थे। एसडीएम द्वारा ट्रैक्टरों को रोकने का प्रयास करने पर एक चालक मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे ट्रैक्टर चालक ने एसडीएम के वाहन पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया। हालांकि इस घटना में एसडीएम सुरक्षित रहे, लेकिन उनका शासकीय वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि भिण्ड जिले में प्रतिदिन सैकड़ों ट्रैक्टर और भारी वाहन पुलिस की सांठ-गांठ से अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहे हैं, जिससे शासन को भारी राजस्व हानि हो रही है। उन्होंने कहा कि मिहोना क्षेत्र में रेत माफिया खुलेआम सक्रिय है और लगातार शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
डॉ. गोविंद सिंह ने अवैध रेत परिवहन रोकने के लिए सुझाव दिया कि रेत खदानों पर खाई खुदाई कराई जाए और प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ताकि माफिया पर निगरानी रखी जा सके। साथ ही उन्होंने पुलिस, खनिज विभाग और रेत माफिया के कथित गठजोड़ की निष्पक्ष जांच की मांग भी की। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि भिण्ड जिले में अवैध रेत उत्खनन पर तत्काल रोक लगाई जाए, अन्यथा भविष्य में ऐसी घटनाएं किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित