मुरैना , मार्च 26 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के टेंटरा थाना क्षेत्र स्थित चंबल नदी के रायडी घाट पर अवैध रेत खनन और परिवहन के वायरल वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए रेत माफिया पर शिकंजा कस दिया है।

जानकारी के अनुसार बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रालियों से अवैध रेत खनन और परिवहन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसे ग्रामीणों द्वारा बनाकर अधिकारियों को भी भेजा गया था।

पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित थाना पुलिस को घाट से हो रहे अवैध खनन और परिवहन को तत्काल प्रभाव से रोकने के निर्देश दिए।

निर्देशों के पालन में टेंटरा थाना पुलिस ने जेसीबी मशीन की मदद से घाट तक जाने वाले मार्ग में गड्ढे खोदकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया है, जिससे ट्रैक्टर-ट्रालियों का आवागमन रोका जा सके। प्रशासन द्वारा अवैध रेत खनन के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित