बैतूल , अप्रैल 28 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में वन विभाग ने अवैध रूप से बांस का परिवहन कर रहे एक मिनी ट्रक को जब्त करते हुए सख्त कार्रवाई की है। यह कार्रवाई आठनेर वन परिक्षेत्र में की गई।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार देर रात अवैध बांस परिवहन की सूचना मिलने पर वन मंडलाधिकारी (दक्षिण) के निर्देशन और उप वनमंडलाधिकारी मुलताई के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र अधिकारी अतुल भोयर के नेतृत्व में विशेष दल गठित किया गया। दल ने हीरादेही क्षेत्र में चेकिंग बैरियर लगाकर वाहनों की सघन जांच शुरू की।
जांच के दौरान एक संदिग्ध मिनी ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें देशी बांस लदा पाया गया। वाहन चालक राजू धरपाल, निवासी मोर्शी से बांस के परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद वन विभाग ने ट्रक और उसमें लदे बांस को जब्त कर लिया।
वन विभाग ने इस मामले में भारतीय वन अधिनियम 1927 की विभिन्न धाराओं तथा मध्यप्रदेश अभिवहन (वनोपज) नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। अधिकारियों ने बताया कि अवैध वन उपज के परिवहन और तस्करी के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा। कार्रवाई में वन अमले के कई कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा की सुरक्षा के लिए इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित