सागर , फरवरी 7 -- मध्यप्रदेश में सागर जिले के मोतीनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध पशु परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 35 भैंसों को सुरक्षित मुक्त कराया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार थाना मोतीनगर क्षेत्र अंतर्गत खुरई रोड, हरियाली बाजार के पास एक ट्रक में अवैध रूप से पशुओं के परिवहन की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना की तस्दीक करते हुए पुलिस टीम ने तत्परता से घेराबंदी की। पुलिस को देखकर ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

जांच के दौरान ट्रक क्रमांक UP 79 AT 8355 (लाल रंग) की तलाशी लेने पर उसमें 35 भैंसें ठूंस-ठूंस कर भरी हुई पाई गईं, जिनके साथ क्रूरता की जा रही थी। ट्रक में मौजूद दो व्यक्तियों इरफान कुरैशी, पिता मोहम्मद कुरैशी, उम्र 24 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 13 राहतगढ़ तथा रुस्तम, पिता हलीम कुरैशी, उम्र 33 वर्ष, निवासी राहतगढ़ से पशुओं एवं वाहन के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, जो वे प्रस्तुत नहीं कर सके।

प्रथम दृष्टया मामला पशुओं के प्रति क्रूरता का पाए जाने पर आरोपियों के विरुद्ध पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 एवं पशु परिवहन से संबंधित नियमों के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। सभी 35 भैंसों को सुरक्षित रूप से गौशाला में सुपुर्द किया गया है। फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित