अलवर , अप्रैल 10 -- राजस्थान में अलवर के कोटपूतली-बहरोड़ जिले की बहरोड़ पुलिस ने अवैध विस्फोटक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बहरोड़ थाना क्षेत्र में एक आरोपी को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में विस्फोटक (पटाखे) सामग्री बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में बहरोड़ थाना पुलिस ने नौ अप्रैल को गश्त के दौरान मिली सूचना पर नारायणपुर रोड स्थित एक मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां से 367 कार्टन अवैध विस्फोटक सामग्री (पटाखा/बारूद) बरामद की गई।
पुलिस ने मौके से उपेन्द्र पुत्र रामनिवास महाजन (48) निवासी मेन मार्केट, पुराना बाजार बहरोड़ को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास विस्फोटक सामग्री रखने का कोई वैध लाइसेंस नहीं मिला।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है । पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री कहां से लाई गई और इसका उपयोग कहां किया जाना था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित