भोपाल , फरवरी 4 -- मध्यप्रदेश में मंदसौर जिले के गरोठ थाना क्षेत्र में अवैध खैर लकड़ी की तस्करी के विरुद्ध वन और पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 3 फरवरी को खैर की अवैध लकड़ी से भरे एक ट्रक को पकड़ा गया, जिसे दिल्ली की ओर ले जाया जा रहा था।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए वन संरक्षक उज्जैन श्री आलोक पाठक और वन मंडलाधिकारी श्री संजय रायखेरे के मार्गदर्शन में उप वनमंडलाधिकारी गरोठ एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी भानपुरा के नेतृत्व में वन विभाग की टीम तथा गरोठ पुलिस ने संयुक्त मोर्चा संभाला। शामगढ़ नाका और फोरलेन-एटलेन चौकड़ी क्षेत्र में सघन घेराबंदी की गई। घेराबंदी देख ट्रक चालक वाहन को बर्डीया अमरा मार्ग से भगाने का प्रयास करने लगा, लेकिन संयुक्त टीम ने सूझबूझ से घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया।
ट्रक की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में बेशकीमती खैर (अकेशिया केटेचू) की अवैध लकड़ी बरामद की गई। वाहन चालक के पास लकड़ी के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए। मौके से आरोपी चालक खालिद पिता अजीम पठान, निवासी नोह, हरियाणा को हिरासत में लिया गया।
अवैध लकड़ी पाए जाने पर वन विभाग द्वारा वन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। जब्त ट्रक को वन विभाग की सुपुर्दगी में रखा गया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित