चित्तौड़गढ़ , फरवरी 17 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के कनेरा थाना क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन रोकने पर पटवारी से मारपीट करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार करके मौके से एलएनटी, डम्पर, एवं जेसीबी जब्त की हैं।

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने मंगलवार को बताया कि 15 फरवरी को बांगेडा घाटा के पटवारी सुनिल कुमार विश्नोई ने कनेरा थाने में शिकायत की कि 15 फरवरी को मध्याह्न करीब 12 बजे सरहद मौजा बांगेडा में चरागाह भूमि पर कुछ लोग जेसीबी एवं एलएनटी मशीन से मिटटी खोदकर डम्परों में भर रहे थे। उसने उक्त अवैध खनन को रोकने के लिये उन्हें टोका और पर्चा बनाया तो वहां शौकीन ने गाली गलौच करके उसे थप्पड़ मार दिये। इसके बाद राधेश्याम जोगी भी आया और आते ही गाली गलौच करके उसके साथी प्रवीण के थप्पड मारकर पर्चा फाड़ कर राज्य कार्य में बाधा पहुंचाई।

उन्होंने बताया कि इस पर मामला दर्ज करके मौके से जेसीबी, डम्बर और एलएनटी मशीन को जब्त किया गया। इस मामले में वांछित आरोपियों को शौकीन और राधेश्याम जोगी को गिरफ्तार कर लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित