भीलवाड़ा , फरवरी 25 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के बड़लियास थाना क्षेत्र में जिला विशेष दल (डीएसटी) ने बुधवार को तड़के दबिश देकर अवैध खनन में लिप्त सात ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त की।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि डीएसटी ने रेण गांव के पास बनास नदी क्षेत्र में जैसे ही प्रवेश किया, वहां खनन कर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। डीएसटी की इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के बजरी माफियाओं में हड़कंप मच गया।

पुलिस ने बताया कि डीएसटी ने सभी जब्त वाहनों को बड़लियास थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस इस मामले में शामिल मुख्य सरगनाओं और वाहन स्वामियों की जांच में जुट गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित