रायपुर/बलरामपुर, फरवरी 18 -- छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में बॉक्साइट अवैध परिवहन की जांच के दौरान एक व्यक्ति की मौत के मामले में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुसमी करूण डहरिया को राज्य सरकार ने निलंबित कर दिया है। डहरिया फिलहाल इसी मामले में न्यायिक हिरासत में जेल में बंद है।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 18 फरवरी को जारी आदेश के अनुसार, कुसमी अनुभाग के ग्राम हंसपुर में बॉक्साइट के अवैध परिवहन की सूचना पर जांच के लिए गई टीम द्वारा तीन ग्रामीणों से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया था। इस मारपीट में 62 वर्षीय राम उर्फ रामनरेश पिता रेगहा की मौत हो गई थी। इस घटना में शामिल अन्य दो व्यक्तियों की पहचान अजीत राम (60 वर्ष) और आकाश अगरिया (20 वर्ष) के रूप में की गई है।
जिला प्रशासन की रिपोर्ट के आधार पर थाना कोरंधा में अपराध क्रमांक 03/2026 दर्ज किया गया। इसमें धारा 103 (1) (हत्या), 115 (2) (दंड के साथ सदोष षड्यंत्र) और 3(5) (आपराधिक कृत्य को अंजाम देने के लिए कई व्यक्तियों द्वारा सामान्य इरादा) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर एसडीएम करूण डहरिया को 16 फरवरी को गिरफ्तार कर लिया गया। अदालत के आदेश पर उन्हें जिला जेल रामानुजगंज भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित